Saharanpur: 6 सितंबर को प्रस्तावित समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रैली स्थगित कर दी गई है। सपा नेताओं ने रैली स्थगित होने की मुख्य वजह खराब मौसम और भारी बारिश की आशंका बताई है। वहीं, राष्ट्रीय लोकदल की ओर से इसे चौधरी परिवार पर की गई टिप्पणी के बाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बने राजनीतिक विरोध से जोड़कर देखा जा रहा है।
पढ़िए क्या है पूरा मामला
सपा नेता और रैली आयोजक चौधरी रुद्रसैन के भाई चौधरी इंद्रसेन ने कहा कि रैली की तारीख आगे बढ़ाई गई है और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से सहमति के बाद नई तारीख घोषित की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौसम इस समय बेहद खराब है और बारिश की स्थिति को देखते हुए रैली स्थगित करना जरूरी था। इंद्रसेन ने दावा किया कि जब नई तारीख तय होगी तो पहले से भी बड़ा महारैला आयोजित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 2 सितंबर को अखिलेश यादव निजी कार्यक्रम के तहत सहारनपुर आएंगे। वह दिल्ली रोड स्थित चौधरी परिवार के आवास पर पहुंचेंगे और करीब एक घंटे रुकेंगे। इस दौरान उनकी चौधरी रुद्रसैन और चौधरी इंद्रसेन से मुलाकात होगी। इसके बाद लंच कर वह वापस लखनऊ रवाना होंगे।
चौधरी इंद्रसेन ने RLD नेताओं के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि चौधरी परिवार का अपमान करने की किसी में हिम्मत नहीं है। यदि किसी ने ऐसा करने की भूल या चूक की है तो उसका जवाब पश्चिमी उत्तर प्रदेश की जनता अपनी मौजूदगी से देगी। उन्होंने कहा कि चौधरी परिवार के समर्थक और सच्चे समाजवादी कार्यकर्ता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं। इंद्रसेन ने कहा कि रैली की नई तारीख आने पर समर्थकों की भारी मौजूदगी होगी और पहले से बड़ा कार्यक्रम आयोजित कर राजनीतिक विरोध का जवाब दिया जाएगा। अब 2 सितंबर को अखिलेश यादव के सहारनपुर दौरे और आगामी रैली की नई तारीख पर सभी की नजरें टिकी हैं।



















































