चंदौली: शनिवार को मुगलसराय विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा डंगरा शाहपुर में समाजवादी पार्टी की ओर से पीडीए जन चौपाल एवं जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। इस दौरान सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समाज को एकजुट होने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के पूर्व एमएलसी रामजतन राजभर रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि प्रदेश सचिव लालता बियार रहे। अध्यक्षता पार्टी के वरिष्ठ नेता जमुना बियार ने की। संचालन मुगलसराय विधानसभा के महासचिव अजय इंद्रेश ने किया।
मुख्य अतिथि रामजतन राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक और वंचित समाज के अधिकारों की आवाज उठाती रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर एकजुट होने की जरूरत है। जन चौपाल के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनना और उनके समाधान के लिए संघर्ष करना पार्टी की प्राथमिकता है।
Also Read: UP: दो साल से मायके में रह रही थी पत्नी, परेशान युवक ने उठाया खौफनाक कदम
विशिष्ट अतिथि लालता बियार ने कहा कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और शोषित-वंचित समाज के हितों के साथ खड़ी रही है। जन संवाद के जरिए जनता की वास्तविक समस्याओं को समझकर उन्हें शासन-प्रशासन तक पहुंचाना जरूरी है।
मुगलसराय विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी चंद्रशेखर यादव ने कहा कि डंगरा शाहपुर में आयोजित पीडीए जन चौपाल जनता से सीधे संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और मूलभूत सुविधाओं को लेकर परेशान है। समाजवादी पार्टी जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाने का काम कर रही है और आगे भी जनता के हक व सम्मान के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को समाजवादी विचारधारा से जोड़ने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को सपा नेताओं के समक्ष रखा। नेताओं ने समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और जनता की आवाज शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































