जौनपुर: जौनपुर में बारिश की कुछ बूंदें क्या गिरीं, खेतासराय नगर पंचायत में सड़कें तालाब बन गईं और इन तालाब बनी सड़कों से होकर नन्हे-मुन्ने बच्चों को स्कूल का सफर तय करना पड़ा। हालात इतने बदतर हैं कि बच्चों ने जूते-चप्पल पैरों में पहनने के बजाय उन्हें हाथ में उठा लिया और गंदे पानी को पार करते नजर आए।
सबसे बड़ा सवाल ये है कि जिस वार्ड में सभासद का घर है, वहीं जलनिकासी का ये हाल है तो बाकी लोगों की हालत क्या होगी? तस्वीरें खेतासराय नगर पंचायत के वार्ड बारा की हैं, जहां बारिश के बाद सड़क पर भारी जलजमाव देखने को मिला। सड़क पर जमा गंदा पानी लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
वायरल वीडियो में स्कूली बच्चे हाथ में चप्पल लेकर पानी के बीच से गुजरते दिखाई दे रहे हैं। बच्चे किसी तरह गंदे पानी को पार कर स्कूल जाने को मजबूर हैं, जबकि राहगीरों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ रहा है।
Also Read: UP: दो साल से मायके में रह रही थी पत्नी, परेशान युवक ने उठाया खौफनाक कदम
स्थानीय लोगों का कहना है कि जलनिकासी की व्यवस्था ठीक नहीं होने के कारण बारिश के बाद वार्ड में जलभराव की समस्या खड़ी हो जाती है। लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।
बारिश तो हर साल होगी लेकिन सवाल है कि क्या हर बार बच्चों को इसी तरह चप्पल हाथ में लेकर स्कूल जाना पड़ेगा? वायरल तस्वीरें व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं। अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इस जलजमाव से लोगों को कब तक राहत दिलाता है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































