उत्तर प्रदेश : रायबरेली में तीन दिन से लापता युवती का कुएं में तैरता मिला शव, बुधवार से थी लापता

रायबरेली : बछरांवा थाना क्षेत्र के पश्चिम गांव में आज सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बीते बुधवार से लापता एक 19 वर्षीय युवती का शव गांव के ही एक कुएं में उतराता हुआ मिला. शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच में जुट गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पश्चिम गांव निवासी शिवराम की 19 वर्षीय पुत्री पुष्पा उर्फ गिल्ला बीते बुधवार से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी. परिजन अपने स्तर से लगातार उसकी खोजबीन कर रहे थे. उन्होंने अपने आसपास के गांवों और नाते-रिश्तेदारों में भी उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा.


कुएं के भीतर पुष्पा का शव तैरता मिला

आज सुबह जब परिजन ढूंढते हुए घर से करीब 200 मीटर दूर गांव के किनारे स्थित एक कुएं के पास पहुंचे, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. कुएं के भीतर पुष्पा का शव तैर रहा था. यह देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते घटनास्थल पर हजारों ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया.

Also Read – उत्तर प्रदेश : बाराबंकी में भैंस चराने निकले दो बच्चों की नदी में डूबने से मौत, गांव में पसरा मातम


पुलिस को नहीं दी गई थी गुमशुदगी की सूचना

ग्रामीणों की सूचना पर तत्काल बछरांवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया. थाना प्रभारी श्याम कुमार पाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा. परिजनों ने युवती के गायब होने की कोई लिखित सूचना पहले थाने में नहीं दी थी. मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)