लखनऊ। उत्तर प्रदेश भाजपा की नई संगठन टीम के गठन के बाद आज पहली महत्वपूर्ण बैठक होने जा रही है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी की अध्यक्षता में दोपहर 3 बजे भाजपा प्रदेश कार्यालय में नवनियुक्त पदाधिकारियों की परिचय एवं समीक्षा बैठक आयोजित होगी।
पंकज चौधरी पहुंचे लखनऊ एयरपोर्ट
नई जिम्मेदारी संभालने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी आज लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर नई संगठन टीम के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने उन्हें भव्य स्वागत किया। पंकज चौधरी एयरपोर्ट से सीधे भाजपा प्रदेश मुख्यालय के लिए रवाना हो गए।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय में दोपहर 3 बजे होने वाली बैठक में सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को आमंत्रित किया गया है। यह बैठक नई टीम के परिचय, संगठनात्मक रणनीति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर होगी।
बैठक में प्रदेश संगठन महामंत्री भी मौजूद रहेंगे।
बैठक के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस
बैठक समाप्त होने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करेंगे। इसमें नई टीम के गठन, संगठनात्मक विस्तार और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
नई टीम पर सबकी नजरें
पंकज चौधरी के नेतृत्व में गठित नई प्रदेश टीम पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बैठक में संगठन को नई ऊर्जा देने, बूथ स्तर तक मजबूती और सरकार के साथ बेहतर समन्वय पर फोकस रहेगा।
यह बैठक भाजपा में नई कार्यशैली और आगामी चुनावी रणनीति की दिशा तय करने वाली मानी जा रही है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































