बरेली : बरेली भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश संगठन में हाल ही में हुए बड़े फेरबदल के बाद मीरगंज तहसील क्षेत्र को राज्य की राजनीति में एक नई और विशेष पहचान मिली है. इस बदलाव ने मीरगंज के जटपुरा उर्फ मुगलपुर गांव को पूरे ब्रज क्षेत्र में चर्चा का केंद्र बना दिया है.
पार्टी आलाकमान ने जटपुरा उर्फ मुगलपुर निवासी और भाजपा के वरिष्ठ नेता पूरनलाल लोधी पर भरोसा जताते हुए उन्हें ‘ब्रज क्षेत्र’ का क्षेत्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है. पूरनलाल लोधी भाजपा के बेहद अनुभवी नेताओं में शुमार किए जाते हैं. उनका राजनीतिक सफर काफी लंबा रहा है, जिसमें उन्होंने पूर्व में भाजपा बरेली के जिलाध्यक्ष के रूप में भी अपनी सेवाएं दी हैं. लंबे समय से वे संगठन के विभिन्न पदों पर सक्रिय रहकर पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूती प्रदान कर रहे हैं. संगठन में उनकी कुशल कार्यशैली, कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद और जमीनी स्तर पर पकड़ को देखते हुए ही उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना गया है.
राजनीतिक कद और अधिक ऊंचा हो गया है। वर्तमान में बरेली के वरिष्ठ नेता सोमपाल शर्मा भाजपा जिलाध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. अब एक ही जिले से दो बड़े नेताओं को संगठन में अहम पद मिलने से बरेली और विशेषकर मीरगंज क्षेत्र का राजनीतिक महत्व प्रदेश स्तर पर काफी बढ़ गया है.
जटपुरा उर्फ मुगलपुर गांव के एक स्थानीय निवासी के प्रदेश स्तर पर इतने बड़े पद पर आसीन होने से क्षेत्र के ग्रामीणों और भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह का माहौल है. समर्थकों का कहना है कि यह उपलब्धि केवल एक गांव के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे मीरगंज क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. क्षेत्रवासियों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए यह विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में संगठन और अधिक सशक्त व ऊर्जावान बनेगा, जिससे क्षेत्र का मान-सम्मान प्रदेश स्तर पर और बढ़ेगा.
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भाजपा एक सोची-समझी रणनीति के तहत काम कर रही है. पार्टी का मुख्य उद्देश्य संगठन को धरातल पर और अधिक मजबूत करना है. इसी कारण अनुभवी और जमीनी स्तर के जुझारू नेताओं को प्रमुख जिम्मेदारियां दी जा रही हैं ताकि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हो सके और चुनावी मिशन को सफल बनाया जा सके.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)













































