रायबरेली : ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के अलग अलग गांवों में करंट की चपेट में आने से दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई. इन हादसों के बाद दोनों ही परिवारों में मातम पसर गया है. सूचना मिलने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है.
पहली घटना अलीनगर असकरन पुर गांव की है. यहाँ रहने वाले ज्ञान चंद की 37 वर्षीय पत्नी कल्पना घर की साफ-सफाई कर रही थीं. इसी दौरान वह अचानक कमरे में चल रहे फर्राटा पंखे की चपेट में आ गईं, जिसमें करंट उतरा हुआ था. करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही चीखपुकार मच गई. परिजन उन्हें आनन-फानन में लेकर सीएचसी पहुँचे, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे से बदहवास परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए ही शव लेकर घर चले गए.
खेत में लगी झटका मशीन बनी काल
दूसरा हादसा नेवादा गांव में सामने आया. यहाँ के निवासी लाल जी की 46 वर्षीय पत्नी सुबह किसी काम से खेत की तरफ गई थीं. इसी दौरान वह पड़ोसी के खेत में फसलों को आवारा पशुओं से बचाने के लिए लगाई गई झटका मशीन के तारों की चपेट में आ गईं. करंट का जोरदार झटका लगने से वह खेत में ही बेहोश होकर गिर गईं. जानकारी होने पर परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया.
जांच-पड़ताल की गई शुरू
सूचना पर पहुँची पुलिस ने नेवादा गांव के मामले में शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. अलीनगर असकरन पुर गांव की घटना की भी जांच की जा रही है.
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)














































